×

Cyclone Arnab Alert: 125 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab Alert: चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा बढ़ा, आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर को टकराने की आशंका

Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर को बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के आसपास तट पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकते हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर की सुबह चक्रवात पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय था और पिछले छह घंटों में लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा। इसके कारण आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में सतर्कता

चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय तथा संवेदनशील इलाकों में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन दलों को तैनात किया गया है और नियंत्रण कक्ष सक्रिय किए गए हैं।

ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी समेत कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का खतरा है। समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में आवाजाही और पर्यटन को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।

वाराणसी, चंदौली समेत कई जिलों में मौसम का अलर्ट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

उत्तर प्रदेश तक दिख सकता है असर

चक्रवात के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। मौसम संबंधी रिपोर्टों के अनुसार, 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 30 अक्टूबर तक राज्य के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, कमजोर भवनों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। चक्रवात की दिशा और तीव्रता में बदलाव के साथ मौसम पूर्वानुमान भी बदल सकता है, इसलिए लोगों को आधिकारिक अपडेट पर नजर रखनी चाहिए।

Share this story