वाराणसी, चंदौली समेत कई जिलों में मौसम का अलर्ट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव के मद्देनजर राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। संभावित मौसम की गंभीरता को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में बारिश की संभावना
पूर्वानुमान के मुताबिक, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के विभिन्न जिलों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे लोगों को अचानक बढ़ी ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
चक्रवात अर्नब की सैटेलाइट तस्वीरों ने बढ़ाई चिंता, 140 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने की अपील
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित और पक्के भवनों में रहने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माणों से दूर रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के आसपास नहीं जाने को कहा गया है।
किसानों को फसल और पशुधन सुरक्षित रखने की सलाह
संभावित बारिश को देखते हुए किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है। साथ ही पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने और मौसम के अनुरूप जरूरी एहतियाती कदम उठाने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और ‘सचेत’ ऐप पर जारी चेतावनियों को नियमित रूप से देखते रहने को कहा है। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते सावधानी बरतने से खराब मौसम के दौरान होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।
