वाराणसी साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़; दो आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। साइबर क्राइम थाना वाराणसी ने ऑनलाइन बेटिंग और जुए के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। साथ ही ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े करीब पांच लाख रुपये भी दो बैंक खातों में सीज कराए गए हैं।
साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कानपुर निवासी दीपक सिंह और नवनीत सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बेटिंग और जुए का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़े - भाजपा ने अशोक चौरसिया को सौंपी काशी क्षेत्र की कमान, नई प्रदेश टीम में मिली बड़ी जिम्मेदारी
एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े करीब 5 लाख रुपये दो बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं, ताकि आगे की जांच में वित्तीय लेनदेन का पूरा विवरण जुटाया जा सके।
पुलिस अब बरामद मोबाइल और डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच करा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा इसका संचालन किन राज्यों तक फैला हुआ था। मामले में साइबर क्राइम थाना आगे की विधिक कार्रवाई कर रहा है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय नारायण मिश्र, निरीक्षक उदयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, उपनिरीक्षक आलोक कुमार यादव, कांस्टेबल चंद्रशेखर यादव, कांस्टेबल देवेंद्र यादव, अवनीश सिंह और कांस्टेबल अनिल मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
