वाराणसी: घर में लाखों की चोरी का खुलासा, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, जेवर और नकदी बरामद
वाराणसी। रोहनिया थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहनिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय सौरभ दास को डाफी स्थित संगम ढाबा के पास सर्विस लेन से गिरफ्तार किया। आरोपी लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित सत्यम नगर कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है।
ये भी पढ़े - भाजपा ने अशोक चौरसिया को सौंपी काशी क्षेत्र की कमान, नई प्रदेश टीम में मिली बड़ी जिम्मेदारी
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले रोहनिया थाना क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ 32 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल, सात जोड़ी बिछिया, पीली धातु के कंगन के तीन टुकड़े, 2,100 रुपये नकद तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
रोहनिया पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
