Bihar Weather Alert: बिहार के 14 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, अगले तीन दिन तक बदलेगा मौसम
Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को सीमांचल और कोसी क्षेत्र के पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया, जबकि 14 जिलों में यलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन घंटों के दौरान अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल जिलों में तेज बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 9, 10 और 11 मई तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 10 मई को सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
किन प्रखंडों में ज्यादा असर?
अररिया जिले के अररिया, कुर्साकांटा, जोकीहाट, रानीगंज और सिकटी समेत सभी नौ प्रखंडों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
किशनगंज जिले के किशनगंज, कोचाधामन, दिघलबैंक, ठाकुरगंज और बहादुरगंज सहित सातों प्रखंड अलर्ट पर हैं।
पूर्णिया जिले के अमौर, कसबा, धमदाहा, पूर्णिया पूर्व, बनमनखी, श्रीनगर और बैसा समेत 14 प्रखंडों में चेतावनी जारी की गई है।
मधेपुरा के आलमनगर, बिहारीगंज, मधेपुरा, मुरलीगंज और सिंहेश्वर समेत 13 प्रखंडों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है।
सुपौल जिले के किशनपुर, निर्मली, प्रतापगंज, सरायगढ़ भपटियाही और सुपौल समेत 11 प्रखंडों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
14 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है।
कहां कितना तापमान दर्ज हुआ?
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में सबसे अधिक तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया। राज्य में अधिकतम तापमान 29.4 से 36.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान 18 से 25.1 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बारिश के आंकड़ों में तेतरिया सबसे आगे रहा, जहां 59.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा महाराजगंज में 54.2 मिमी, पूसा में 52.6 मिमी, दुरौंधा में 52.4 मिमी और नौतन में 48.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा पचरुखी, कुमारखंड, बोचहां, मरवन, कांटी, बिस्फी, मटियानी, हायाघाट, गोरियाकोठी, जलालपुर, डगरुआ, झंझारपुर और सुपौल समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।
अगले चार दिनों में फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है। पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को खेतों में काम करने से बचने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
