मानसून की विदाई से पहले आफत वाली बारिश, 23 राज्यों में IMD का अलर्ट
नई दिल्ली। मानसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड समेत 23 राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 50 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव का असर दिल्ली-NCR से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तथा पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों तक देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मध्य असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं एक दबाव क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ और विदर्भ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके चलते कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का असर
दिल्ली-NCR में 14 सितंबर को मध्यम बारिश के साथ आंधी की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अचानक बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 14 सितंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, झांसी, कानपुर, इटावा, सोनभद्र, मिर्जापुर, सीतापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मैनपुरी, गाजीपुर, बलिया, बांदा, प्रयागराज, देवरिया, गोंडा, बलरामपुर और गोरखपुर में मौसम खराब रह सकता है। कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
बिहार में झमाझम बारिश और आंधी के आसार
बिहार के गया, पूर्वी चंपारण, रोहतास, नवादा, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, बेगूसराय और खगड़िया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। बारिश के दौरान तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश
झारखंड में 14 और 15 सितंबर को कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। रामगढ़, बोकारो, रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में भी 14 और 15 सितंबर को मौसम खराब रहने के आसार हैं। पश्चिमी मेदिनीपुर, पूर्वी मेदिनीपुर, दार्जिलिंग, हावड़ा, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, नादिया, अलीपुरद्वार, बीरभूम और कलीम्पोंग में भारी बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान में 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा
राजस्थान के अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, जयपुर, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, बारां, कोटा, पाली और बीकानेर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। पूर्वी राजस्थान में मौसम की गतिविधियां अधिक प्रभावी रह सकती हैं। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, देवास, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, खंडवा, गुना, मुरैना, श्योपुर, उज्जैन, विदिशा, अशोकनगर, नीमच, उमरिया, छिंदवाड़ा और कटनी में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ अचानक बारिश होने की भी संभावना है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब
उत्तराखंड के बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में भी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के मीरपुर, कुलगाम, कठुआ, जम्मू, शोपियां, डोडा, राजौरी, पुंछ, किश्तवाड़ और अनंतनाग में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।
पूर्वोत्तर में 17 सितंबर तक बारिश का दौर
पूर्वोत्तर राज्यों में 14 से 17 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि असम और मेघालय में 14 से 16 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।
दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 14 से 19 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है। तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 14 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 से 16 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाले ढांचों से दूरी बनाए रखना जरूरी होगा। किसानों और वाहन चालकों को भी मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
