×

अर्नब के बाद अब मुरासु का खतरा, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

अर्नब के बाद अब मुरासु का खतरा, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
 मौसम का बदलेगा मिजाज! मुरासु तूफान से कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

 

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ में तब्दील हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान दो नवंबर तक और अधिक शक्तिशाली होकर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके तीन नवंबर की सुबह दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि तूफान नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है। पिछले दिनों चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से प्रभावित इलाकों में अभी जनजीवन सामान्य होने की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच नए तूफान की सक्रियता ने तटीय राज्यों की चिंता बढ़ा दी है।

आंध्र प्रदेश के तट पर टकरा सकता है तूफान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दो और तीन नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु में एक और दो नवंबर को बारिश की संभावना है। तीन और चार नवंबर को छत्तीसगढ़ तथा दक्षिणी ओडिशा में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी बारिश के आसार

चक्रवाती तूफान मुरासु का असर पूर्वी भारत के राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा में दो से चार नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। दो नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश, जबकि तीन और चार नवंबर को दक्षिणी ओडिशा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

झारखंड में एक से चार नवंबर, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में एक से चार नवंबर तथा बिहार में एक और दो नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी सात नवंबर तक मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है।

मध्य भारत में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ में तीन और चार नवंबर को व्यापक बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत के मौसम को लेकर भी विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। एक और दो नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Share this story