दुर्गा पंडाल में नाचते-नाचते युवक की मौत, चुनरिया लेले अईहा... गाने पर कर रहा था डांस

अम्बेडकरनगर में दुर्गा पूजा के पंडाल में डांस करते-करते 32 साल के युवक की मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें, युवक अपने दोस्तों के साथ डांस करता दिखाई दे रहा है। इसी बीच वह गश खाकर जमीन पर गिरा पड़ता है। साथी उसे उठाने की कोशिश करते हैं। वह नहीं उठा तो उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामला सोमवार रात अकबरपुर थाना इलाके के लोरपुर ताजन का है। यहां स्थानीय लोगों ने दुर्गा जी की प्रतिमा स्थापित कर पंडाल बनाया था। बताया जाता है कि देर रात लोरपुर ताजन निवासी 32 साल का मुलायम राजभर पुत्र धर्मराज राजभर अपने दोस्तों के साथ डीजे की तेज धुन पर डांस कर रहा था।
डांस करते-करते अचानक मुलायम जमीन पर गिर गया। जिसे वहां मौजूद लोग उठाकर आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दुर्गा पूजा पंडाल में अपने दोस्तों के साथ डीजे पर मुलायम भोजपुरी गाने पर डांस कर रहा था। उसके साथ उसके 3 दोस्त नाच रहे थे। करीब 55 सेकेंड तक युवक ने अपने दोस्तों के साथ डांस किया। उनके साथ जमकर ठुमके लगाए। चाराे ओर घूम-घूम कर नाचा। इसी बीच ठुमके लगाते हुए वह अचानक नीचे गिरा जाता है। बताया जा रहा है कि डांस के दौरान युवक को हार्ट-अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अयोध्या में डांस करते-करते 45 साल के युवक की मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक 'खईके पान बनारस वाला' गाने पर डांस करता दिख रहा है। उसके साथ में एक बच्चा भी डांस कर रहा है। जबकि पास में खड़े कुछ बच्चे, महिलाएं और युवक हंस रहे हैं। इसी बीच अचानक युवक जमीन पर गिर जाता है।
आस-पास खड़े लोग उसकी तरफ दौड़ते हैं। उसके चेहरे पर पानी की छींटे मारते हैं। इसके बाद आनन फानन में उसे अस्पताल लेकर जाते हैं। लेकिन डॉक्टर ने उसे वहां मृत घोषित कर दिया। घटना पटरंगा थाना क्षेत्र की है। आशंका है कि हार्ट अटैक से युवक की मौत हुई है।