×

लो रख लो स्मार्ट मीटर, आगरा में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, उखाड़कर बिजलीघर में लगाया ढेर

 लो रख लो स्मार्ट मीटर, आगरा में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, उखाड़कर बिजलीघर में लगाया ढेर

आगरा: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विवाद के बीच आगरा जिले के अकोला कस्बे में शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली बिलों में कथित गड़बड़ियों और अधिक वसूली से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर उतारकर बिजलीघर में जमा कर दिए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीण पहले देवी मंदिर पर एकत्र हुए, जहां से उन्होंने पैदल मार्च शुरू किया। बाजार से होते हुए सभी प्रदर्शनकारी बिजलीघर पहुंचे और वहां स्मार्ट मीटरों का ढेर लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में लगातार अनियमितता सामने आ रही है। कई उपभोक्ताओं के बिल अचानक बढ़ गए हैं, जबकि उनकी खपत में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष लवानिया कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और बिजली बिलों में हो रही कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Share this story