गंगापार के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 350 बीघा में बनेगा योगा एवं वेलनेस हब
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी द्वारा गंगापार के कोदोपुर (डोमरी) क्षेत्र में लगभग 350 बीघा भूमि पर अत्याधुनिक योगा एवं वेलनेस सेंटर विकसित करने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य गंगापार क्षेत्र के समग्र विकास के साथ काशी को स्वास्थ्य, योग और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाना है।
शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना की रूपरेखा की समीक्षा की तथा कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित वेलनेस सेंटर में लगभग 60 मीटर चौड़ा वॉकिंग पाथवे, आधुनिक योगा पार्क, ओपन जिम, हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन) तथा स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण में योग, व्यायाम और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने डोमरी क्षेत्र में छठ पूजा की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, चेंजिंग रूम तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता काशी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योगा एवं वेलनेस सेंटर न केवल शहरवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि वाराणसी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेलनेस एवं हेल्थ टूरिज्म की नई पहचान भी दिलाएगा।
