यलो अलर्ट फेल! वाराणसी में नहीं हुई बारिश, गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी
वाराणसी। मौसम विभाग के यलो अलर्ट के बावजूद सोमवार को वाराणसी में बारिश नहीं हुई, जिससे उमस और गर्मी का असर और बढ़ गया। मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल आई। बढ़ती गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में बिजली कटौती ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार करीब 9 किलोमीटर प्रति घंटा रही और वातावरण में आर्द्रता बढ़कर 90 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे दिनभर उमस बनी रही।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार के लिए भी वाराणसी में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
