बीएचयू अस्पताल में महिला क मौत से हड़कंप, ऑक्सीजन प्लांट के पास फंदे से लटका मिला शव
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के अस्पताल परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ऑक्सीजन प्लांट के पास एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। महिला का शव अस्पताल परिसर स्थित ऑक्सीजन प्लांट के बगल में मिला। बताया गया कि महिला ने अपनी साड़ी का फंदा बनाया था। घटना की सूचना मिलने पर बीएचयू पुलिस चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महिला की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल महिला की पहचान और घटना के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
