×

पूर्वांचल में सर्दी की दस्तक तेज, पछुआ हवाओं से गिरेगा पारा

 वाराणसी समेत आसपास के जिलों में सुबह कोहरे की चादर, पहाड़ों पर बर्फबारी का मैदानी क्षेत्रों में दिखेगा असर; आने वाले दिनों में बढ़ेगी गलन

वाराणसी। पूर्वांचल में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव समाप्त होने के बाद अब सुबह के समय घना कोहरा और दिन में हल्की धूप देखने को मिल रही है। हालांकि, मौसम में नमी बने रहने के कारण सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। मौसम के जानकारों के अनुसार, आने वाले दिनों में पछुआ हवाओं की सक्रियता और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा। इससे तापमान में गिरावट के साथ गलन बढ़ने की संभावना है।

बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। इस दौरान वातावरण में आर्द्रता 86 से 89 प्रतिशत के बीच बनी रही। अधिक नमी के कारण सुबह के समय कोहरे का प्रभाव दिखाई दिया। शहर के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा रहा, जबकि ग्रामीण और बाहरी इलाकों में इसकी सघनता अधिक रही।

सुबह के शुरुआती घंटों में कोहरे के कारण वातावरण में दृश्यता प्रभावित हुई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने पर कोहरा धीरे-धीरे छंट गया। दोपहर में गुनगुनी धूप से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और देर शाम ठंड का असर बना रहा।

मौसम में अगले कुछ दिनों के दौरान एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी पछुआ हवाएं मैदानी क्षेत्रों के तापमान को प्रभावित करेंगी। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठंड का असर तेज होने की संभावना है। खासकर सुबह और रात के समय गलन लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 नवंबर को वाराणसी में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सुबह और देर रात अनावश्यक रूप से ठंड के संपर्क में आने से बचने तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।

Share this story