वाराणसी समेत पूर्वांचल में बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
वाराणसी। मानसून की विदाई से पहले वाराणसी समेत पूर्वांचल के मौसम में बदलाव के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से गुरुवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान तेज सतही हवाएं चलने के साथ बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसी बीच पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब मंगलवार रात गहरे अवदाब में बदल गया। इसके 23 सितंबर की रात विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 24 से 27 सितंबर के बीच पूर्वांचल में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 25 से 27 सितंबर के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश और बादलों के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हो सकती है।
मौसमी सिस्टम का प्रभाव पूर्वांचल में तीन से चार दिनों तक बना रह सकता है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश की तीव्रता में अंतर देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को वाराणसी में दिनभर तीखी धूप और उमस से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। वातावरण में आर्द्रता का स्तर भी 91 प्रतिशत तक पहुंच गया।
