×

दिसंबर-जनवरी जैसा मौसम नवंबर में ही, वाराणसी में बढ़ने लगी ठंड

दिसंबर-जनवरी जैसा मौसम नवंबर में ही, वाराणसी में बढ़ने लगी ठंड

वाराणसी। नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही काशी में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। मंगलवार की सुबह शहर और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही। हालात ऐसे रहे कि लोगों को नवंबर में ही दिसंबर और जनवरी जैसी सर्दी का अहसास होने लगा। सुबह के समय कम दृश्यता के कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा।

मौसम में आए इस बदलाव के चलते दृश्यता में अचानक गिरावट दर्ज की गई। सोमवार की सुबह पांच बजे दृश्यता करीब 1500 मीटर थी, जो छह बजे तक घटकर 1200 मीटर रह गई। इसके बाद सुबह सात बजे दृश्यता में तेजी से गिरावट आई और यह महज 200 मीटर तक पहुंच गई। हालांकि, सुबह करीब 10 बजे तक कोहरा काफी हद तक छंट गया और दृश्यता फिर से बढ़कर 1500 मीटर हो गई। दोपहर एक बजे तक दृश्यता दो किलोमीटर और शाम तीन बजे तक चार किलोमीटर दर्ज की गई।

अगले दो दिनों तक कोहरे की संभावना

उत्तर प्रदेश आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा पड़ने की संभावना है। इस दौरान करीब चार-चार घंटे तक कोहरे का असर रह सकता है। सुबह सूर्योदय के आसपास दृश्यता कम होने की स्थिति बन सकती है।

मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह वातावरण में बढ़ी नमी बताई जा रही है। वाराणसी में रविवार से ही हवा में नमी का स्तर करीब 96 प्रतिशत बना हुआ है। रात के समय तापमान में गिरावट और सुबह सूरज निकलने के दौरान वातावरण में मौजूद नमी के कारण कोहरे की स्थिति बन रही है।

31.5 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

कोहरे के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। वाराणसी में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच दिन में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में करीब तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

फिलहाल सुबह और देर शाम के समय मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में कोहरे और तापमान में संभावित गिरावट के चलते लोगों को सुबह के समय आवागमन में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Share this story