×

वाराणसी समेत पूर्वांचल में चार दिन बरसेंगे बादल, मौसम विभाग का यलो अलर्ट

वाराणसी समेत पूर्वांचल में चार दिन बरसेंगे बादल, मौसम विभाग का यलो अलर्ट
पूर्वांचल में सक्रिय हुआ मानसून, अगले चार दिन रुक-रुक कर होगी बारिश

वाराणसी। वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में मौसम का मिजाज बदल गया है। क्षेत्र में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण रुक-रुक कर बारिश एवं बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस से भी राहत मिली है।

मंगलवार सुबह शहर और आसपास के कई इलाकों में हल्की बारिश तथा बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना जताते हुए तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहेगा, हालांकि दोपहर के समय बादलों के बीच धूप निकलने से उमस बढ़ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वातावरण में अधिक नमी और स्थानीय स्तर पर गर्मी (लोकल हीटिंग) के कारण बादलों का विकास होगा, जिससे रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। पुरवा हवाओं के प्रभाव से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

पिछले 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। इस अवधि में 1.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। आर्द्रता का स्तर न्यूनतम 76 प्रतिशत और अधिकतम 94 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा और तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Share this story