×

काशी में बदला मौसम का रंग, बारिश के साथ गिरा पारा, मानसूनी सक्रियता अभी जारी

काशी में बदला मौसम का रंग, बारिश के साथ गिरा पारा, मानसूनी सक्रियता अभी जारी
 काशी में बारिश ने बदली फिजा, गिरा पारा और छंटी उमस, अभी सप्ताहभर बादल रहेंगे मेहरबान

वाराणसी। पूर्वांचल में मानसूनी सक्रियता के बीच मंगलवार की सुबह वाराणसी समेत कई जिलों में बादल झूमकर बरसे। आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश का दौर सुबह तक जारी रहा। बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। ठंडी पुरवा हवाओं ने मौसम को और सुहाना कर दिया।

मंगलवार की सुबह करीब चार बजे वाराणसी में बारिश शुरू हुई। इसके बाद रुक-रुककर वर्षा होती रही। सुबह आसमान में घने बादल छाए रहे और दिन चढ़ने के साथ बादलों की आवाजाही बनी रही। कभी धूप तो कभी घने बादलों के कारण मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक बढ़ने से लोगों को उमस से भी काफी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। मंगलवार को घने बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं, जबकि सप्ताह के बाकी दिनों में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। मौसम में यह बदलाव मानसूनी सक्रियता के कारण माना जा रहा है।

बीते 24 घंटे में वाराणसी का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। मंगलवार सुबह तक बाबतपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र में 7.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इस दौरान वातावरण में नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा। न्यूनतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सप्ताहभर बादलों की आवाजाही और स्थानीय स्तर पर बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसूनी गतिविधियों का प्रभाव अभी कुछ समय और बने रहने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे मानसूनी बादलों की विदाई शुरू होगी और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अगले सप्ताह से तापमान में और गिरावट आने पर लोगों को हल्की ठंडक का अहसास शुरू होने की संभावना है।

Share this story