×

काशी में बदला मौसम का मिजाज, छठ पर ठिठुरेंगी रातें, तापमान में भारी गिरावट

 छठ के दौरान बढ़ेगी ठंड की मार, वाराणसी में 16.7 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

वाराणसी। छठ पूजा के मौके पर इस बार काशी के मौसम में पिछले वर्ष की तुलना में खासा बदलाव देखने को मिल रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार पिछले साल छठ पर्व के समय की तुलना में इस बार रात का तापमान पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। हालांकि, नवंबर की समान तारीखों के आंकड़ों से तुलना करने पर तस्वीर कुछ अलग नजर आती है।

मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार वाराणसी में रात का न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं, वर्ष 2025 में कार्तिक शुक्ल पक्ष के दौरान 28 अक्टूबर को पड़े छठ पर्व के समय रात का न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले साल जहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक था, वहीं इस बार यह 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान पछुआ हवा करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में नमी का स्तर भी लगभग 80 प्रतिशत दर्ज किया गया।


आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम विज्ञान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों में तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विज्ञानी ने तापमान में गिरावट के साथ कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना भी जताई है। ऐसे में सुबह और देर रात के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। छठ पर्व के दौरान गंगा घाटों पर सुबह और शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मौसम में बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर काशी के जनजीवन पर भी दिखाई दे सकता है।

Share this story