नर्सिंग कर्मचारियों के हक की आवाज पहुंची महानिदेशालय, लंबित मांगों पर हुई चर्चा
वाराणसी। राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर नर्सिंग संवर्ग की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन के महानिदेशालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई !

धरना-प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चला। इस दौरान महानिदेशालय के मुख्य द्वार को खुलवाने के लिए करीब आधे घंटे तक प्रयास करना पड़ा। बाद में महानिदेशक से अनुरोध किए जाने पर द्वार खोला गया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा।

महानिदेशक के आमंत्रण पर संघ के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सहित पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान महानिदेशक ने नर्सिंग संवर्ग की पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। वहीं, गृह जनपद में तैनाती और स्थानांतरण संबंधी शासनादेश जारी कराने के लिए शासन को दोबारा प्रस्ताव भेजने के निर्देश निदेशक नर्सिंग को दिए गए। इसके अलावा नर्सिंग संवर्ग की अन्य लंबित मांगों के संबंध में भी आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, निदेशक नर्सिंग, संयुक्त निदेशक नर्सिंग, शुभम चौधरी, एएसपी चौक तथा वजीरगंज के इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष शर्ली भंडारी, गीतांशु वर्मा, राजेंद्र शुक्ला और महामंत्री अशोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। राजकीय नर्सेस संघ वाराणसी की ओर से मंडल अध्यक्ष विजय लक्ष्मी सिंह, जिलाध्यक्ष बीना शाह, जिला उपाध्यक्ष पूनम द्विवेदी तथा निधि सिंह, रंजना गुप्ता, पूजा राय, नलिनी लाल, प्रतिमा उपाध्याय, सीमा वर्मा, सिताबी देवी, अनारकली, सुशीला, सुनीता और सलोनी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

संघ ने उम्मीद जताई कि वार्ता के दौरान मिले आश्वासनों के आधार पर नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई की जाएगी।
