×

वरुणा कॉरिडोर परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, एडीएम ने सीमांकन कार्य का किया निरीक्षण

वरुणा कॉरिडोर परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, एडीएम ने सीमांकन कार्य का किया निरीक्षण
जाम से राहत की दिशा में बड़ा कदम, वरुणा कॉरिडोर परियोजना का सीमांकन कार्य तेज

वाराणसी। शहर को यातायात जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रस्तावित वरुणा कॉरिडोर परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने शुक्रवार को पिंडरा तहसील के ग्राम लुच्चेपुर, परगना अठगांवा में राजस्व विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम द्वारा किए जा रहे सीमांकन कार्य का निरीक्षण किया।

यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ने वाले 19.420 किलोमीटर लंबे वरुणा कॉरिडोर के निर्माण से संबंधित है। परियोजना के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 की धारा 3ए के तहत 10 जुलाई को अधिसूचना जारी की गई थी, जबकि इसका सार्वजनिक प्रकाशन 21 जुलाई को किया गया। इसके बाद 27 जुलाई से संयुक्त सीमांकन (जेएमएस) का कार्य शुरू किया गया।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम अधिसूचित भूमि का राजस्व अभिलेखों से मिलान करने के साथ ही भूमि पर स्थित परिसंपत्तियों का नियमानुसार चिन्हांकन एवं सीमांकन करती हुई पाई गई। अपर जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए तथा सीमांकन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाए।

उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि न हो, ताकि वरुणा कॉरिडोर परियोजना का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के समय पर शुरू कराया जा सके। यह परियोजना भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share this story