वाराणसी। जिले में मंगलवार को यलो अलर्ट जारी होने के बावजूद अपेक्षा से काफी कम वर्षा दर्ज की गई। बीते 12 घंटे में वाराणसी में केवल 17 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि यलो अलर्ट के मानकों के अनुसार इसी अवधि में लगभग 50 मिलीमीटर वर्षा होने की संभावना रहती है। इस तरह वास्तविक वर्षा निर्धारित मानक से लगभग तीन गुना कम रही।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता को देखते हुए लगातार मौसम संबंधी चेतावनियां जारी की जा रही हैं, लेकिन वाराणसी में इस बार अनुमान के अनुरूप बारिश नहीं हो सकी। सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के करीब ढाई बजे तक जिले के विभिन्न हिस्सों में बिजली की चमक और तेज बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
दिन के समय बारिश की तीव्रता कम रही, लेकिन पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहे। इसके कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दोपहर में कुछ समय के लिए तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। हालांकि बाद में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण तापमान में फिर गिरावट दर्ज की गई।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है तथा मानसूनी द्रोणी मध्य भारत की ओर खिसक रही है। इसी कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 से 25 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के लिए किसी भी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है।
