×

वाराणसी की पशुधारा संस्था को राष्ट्रीय मंच पर पहचान, Vantara के Champions of Care अभियान में शामिल

वाराणसी की पशुधारा संस्था को राष्ट्रीय मंच पर पहचान, Vantara के Champions of Care अभियान में शामिल

वाराणसी। घायल, बीमार और बेसहारा पशुओं के उपचार एवं संरक्षण के लिए काम कर रही वाराणसी की पाशुधारा जीव रक्षक एनिमल केयर फाउंडेशन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। संस्था की संस्थापक हिमांशी पाठक को गुजरात के जामनगर स्थित Vantara में आयोजित विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। विश्व पशु दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देशभर के पशु कल्याण संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Vantara की ओर से शुरू किए गए ‘Champions of Care’ अभियान के तहत देश के 50 से अधिक पशु कल्याण संगठनों को एक मंच पर जोड़ा गया है। पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पशु कल्याण के लिए काम कर रहे संगठनों को क्षमता निर्माण, तकनीकी मार्गदर्शन, ज्ञान के आदान-प्रदान और आवश्यक संसाधनों के माध्यम से सहयोग देना है। इस पहल में वाराणसी की पाशुधारा जीव रक्षक एनिमल केयर फाउंडेशन को भी सहभागी संस्था के रूप में शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान हिमांशी पाठक ने वाराणसी में घायल और गंभीर रूप से बीमार स्ट्रीट डॉग्स समेत अन्य जरूरतमंद पशुओं के उपचार के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों को साझा किया। उन्होंने पशुओं के रेस्क्यू और उपचार के लिए एनिमल एंबुलेंस, बेहतर ओपीडी एवं उपचार सुविधाओं तथा सुरक्षित डॉग हाउसिंग की आवश्यकता पर चर्चा की।

संस्था की ओर से बताया गया कि बातचीत के दौरान पशु कल्याण से जुड़ी जमीनी जरूरतों को विस्तार से रखा गया। Vantara की पहल में पशु आवास, एंबुलेंस एवं मोबाइल वेटरिनरी सेवाओं, रेस्क्यू उपकरण, उपचार और डायग्नोस्टिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण एवं दीर्घकालिक देखभाल को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

कार्यक्रम में Vantara और सहभागी संस्थाओं के बीच Letter of Understanding (LoU) के माध्यम से सहयोग, ज्ञान-विनिमय और क्षमता निर्माण के लिए औपचारिक ढांचा तैयार किया गया। सहभागी संस्थाओं को Certificate of Appreciation भी प्रदान किया गया।

हिमांशी पाठक ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर वाराणसी में पशु कल्याण के क्षेत्र में काम करते हुए सामने आने वाली चुनौतियों को साझा करने का अवसर संस्था के लिए महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य वाराणसी में घायल और जरूरतमंद पशुओं के लिए उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था को और मजबूत करना है, ताकि सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी, फ्रैक्चर या अन्य आपात स्थिति में मिले पशुओं को समय पर उपचार और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान काशी से जुड़े एक भावनात्मक प्रसंग का भी उल्लेख किया गया। संस्था के अनुसार, बातचीत में अनंत अंबानी ने हिमांशी पाठक से काशी के काल भैरव मंदिर में Vantara के पशुओं के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया। संस्था ने इसे काशी और Vantara के बीच आत्मीय जुड़ाव का विशेष क्षण बताया।

पाशुधारा जीव रक्षक एनिमल केयर फाउंडेशन के अनुसार, संस्था वाराणसी में दुर्घटनाग्रस्त, घायल, गंभीर रूप से बीमार और अन्य जरूरतमंद स्ट्रीट डॉग्स तथा पशुओं के उपचार एवं संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के बाद संस्था का कहना है कि वह वाराणसी में पशु उपचार और संरक्षण की व्यवस्था को और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम करेगी।

 

Share this story