×

Varanasi Weather News: मई में तपने लगी काशी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Varanasi Weather News: मई में तपने लगी काशी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
बनारस में आसमान से बरस रही आग, लोगों का घरों से निकलना मुश्किल

वाराणसी। मई की गर्मी अब पूरी तरह असर दिखाने लगी है। लगातार दूसरे दिन शहर का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सोमवार को काशी प्रदेश का चौथा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री कम है। शहर में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। वहीं हवा में नमी घटकर लगभग 30 फीसदी तक पहुंच गई, जिससे उमस कम रही लेकिन गर्मी का असर ज्यादा महसूस हुआ।

सोमवार सुबह आठ बजे से ही तेज धूप निकल आई थी। दोपहर होते-होते सड़कों पर गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा। लोग धूप और लू जैसी स्थिति से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर दिखे।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 15 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पूर्वांचल के कुछ इलाकों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बनारस से उत्तर दिशा वाले क्षेत्रों में बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है।

Banaras Hindu University के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आसमान साफ होने और बादल नहीं रहने से सूर्य की किरणें सीधे धरती तक पहुंच रही हैं, जिससे गर्मी का असर बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 76 दर्ज किया गया है। प्रदूषण कम होने से वातावरण साफ है, लेकिन इसी वजह से धूप और अधिक तीखी महसूस हो रही है।

Share this story