Varanasi Weather: 45 डिग्री तापमान के साथ देश के 10 सबसे गर्म शहरों में काशी, लू ने बढ़ा दिए धूप के तेवर
Varanasi Weather: काशी में सोमवार को भीषण गर्मी और झुलसाने वाली धूप का असर साफ दिखाई दिया। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया। सुबह 8 बजे से ही गर्म हवाओं का असर शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक जारी रहा। सड़कें तपती रहीं और शहर में मानो आग बरसती रही।
इस सीजन में पहली बार काशी में इतनी तीखी धूप देखने को मिली। गर्मी का असर इतना अधिक रहा कि दोपहर के समय गंगा में नावों का संचालन तक ठप हो गया। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हुई काशी
सोमवार को काशी देश के 10 सबसे गर्म शहरों में शामिल रही। वहीं उत्तर प्रदेश में यह चौथा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। बीते 10 वर्षों में यह पांचवीं बार है जब मई महीने में काशी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है।
मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। लोगों के मोबाइल फोन पर भी चेतावनी संदेश भेजे गए हैं। अगले चार से पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक ने दी चेतावनी
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही ईरान के उत्तर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में लू की रफ्तार और बढ़ सकती है तथा तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
बाबा विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी के बावजूद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन पथ पर जूट मैट बिछाई, ताकि गर्म फर्श से लोगों के पैर न जलें।
इसके अलावा श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए फुहारे युक्त पंखे लगाए गए हैं। मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर पानी की फुहार छोड़ने वाले वाहन भी चलाए गए, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सके।
गर्मी और लू से बचने के लिए सावधानी
- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें
- अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें
- धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को ढकें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
- खाली पेट धूप में बाहर न जाएं
