×

जाम में फंसी वाराणसी की रफ्तार, लहरतारा-कैंट मार्ग पर रोज जाम

जाम में फंसी वाराणसी की रफ्तार, लहरतारा-कैंट मार्ग पर रोज जाम

वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल लहरतारा-कैंट रोड इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है। हालात यह हैं कि महज दो किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को 30 से 45 मिनट तक का समय लग रहा है। सड़क चौड़ीकरण एवं सिक्स लेन निर्माण कार्य के बीच निजी बस स्टैंड की अव्यवस्थित गतिविधियों ने यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 26 फीट चौड़ी सड़क का लगभग आठ फीट हिस्सा निर्माण कार्य के कारण घिरा हुआ है। शेष बचे मार्ग पर बड़ी निजी बसों के टर्न लेकर बस स्टैंड में प्रवेश करने से अक्सर लंबा जाम लग जाता है। पिछले तीन महीनों से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल भी दो बार स्थल निरीक्षण कर चुके हैं।

यातायात विभाग द्वारा कराए गए सर्वेक्षण के अनुसार बौलिया-लहरतारा-कैंट मार्ग, फुलवरिया फ्लाईओवर, ककरमत्ता और रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 4 व 5 की दिशा में 14 घंटे के दौरान लगभग 22,300 वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में निर्माण कार्य और बसों की आवाजाही के कारण पूरे क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।

लहरतारा से बौलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माण सामग्री, मलबा, पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मौजूदगी के कारण सड़क का उपयोगी हिस्सा लगातार सिकुड़ रहा है। वहीं गाजीपुर रूट की निजी बसें, सवारियां भरने और उतारने के लिए सड़क किनारे खड़े ऑटो व ई-रिक्शा भी यातायात बाधित कर रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क की उपयोगी चौड़ाई घटकर 10 फीट से भी कम रह गई है।

दिन के समय निर्माण कार्य में लगी भारी मशीनों के संचालन से भी यातायात बार-बार प्रभावित होता है। इसका असर कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, मरीजों और रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों पर साफ दिखाई दे रहा है।

यातायात विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के चलते अस्थायी रूप से कुछ समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। निजी बस स्टैंड संचालकों को सड़क पर बसें खड़ी न करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी बस स्टैंड के आसपास अनधिकृत रूप से खड़े होने से रोका जा रहा है। यातायात पुलिस को मार्ग पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, निर्माण कार्य पूरा होने तक शहरवासियों को जाम की इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निजी बस स्टैंड की व्यवस्था को सख्ती से नियंत्रित करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

14 घंटे में 22,300 वाहन गुजरते हैं इस मार्ग से

  •  लहरतारा-कैंट रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल
  •  2 किमी की दूरी तय करने में लग रहे 30-45 मिनट
  • 26 फीट सड़क में से 8 फीट हिस्सा निर्माण कार्य में घिरा
  •  निजी बसों, ऑटो और ई-रिक्शा से बढ़ रही समस्या
  • पिछले तीन महीनों से लगातार जाम की स्थिति
  • पुलिस आयुक्त कर चुके हैं दो बार निरीक्षण।

Share this story