×

वाराणसी ट्रैफिक अलर्ट! PM मोदी के दौरे को लेकर रूट डायवर्जन प्लान जारी, घर से निकलने से पहले पढ़ें यह गाइड

वाराणसी ट्रैफिक अलर्ट! PM मोदी के दौरे को लेकर रूट डायवर्जन प्लान जारी, घर से निकलने से पहले पढ़ें यह गाइड

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 और 29 अप्रैल को प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। सुरक्षा और सुचारू वीवीआईपी मूवमेंट सुनिश्चित करने के लिए शहर में विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

यदि आप इन दो दिनों में घर से बाहर निकलने वाले हैं, तो ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी इन दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें ताकि आपको जाम या असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रमुख समय और पाबंदियां

यातायात पुलिस के अनुसार, शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रतिबंध निम्नलिखित समय पर रहेगा। मंगलवार (28 अप्रैल) दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक। बुधवार (29 अप्रैल) सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक।

 

बसों के लिए नई व्यवस्था

एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम की बसों के अलावा अन्य सभी रोडवेज और निजी बसों के लिए ये नियम रहेंगे।

प्रयागराज/सोनभद्र/मीरजापुर मार्ग: बसें मोहनसराय अंडरपास से मुड़ैला तिराहा तक आएंगी और वहीं से वापस लौट जाएंगी।

जौनपुर मार्ग: बसें हरहुआ रिंग रोड तक सीमित रहेंगी और काशी कृषक इंटर कॉलेज में पार्क होंगी।

गाजीपुर/आजमगढ़ मार्ग: बसों को आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास पर ही रोक दिया जाएगा।

 

भारी वाहनों और मालवाहकों पर सख्ती

बाबतपुर तिराहा से वीवीआईपी आगमन के 2 घंटे पहले भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। राजघाट पुल से सूजाबाद मार्ग पर बुधवार सुबह 10 बजे तक मालवाहक वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। भेलखा, मुड़ैला, चांदपुर और बौलिया तिराहा से किसी भी वाहन को प्रतिबंधित रूट पर जाने की अनुमति नहीं होगी।

बरेका (BLW) और वीवीआईपी क्षेत्र

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) क्षेत्र में विशेष चौकसी रहेगी। सिनेमा हाल तिराहा, सेंट्रल मार्केट और अधिकारी तिराहा से गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे। महमूरगंज, भिखारीपुर, नरिया और चितईपुर क्षेत्रों में भी यातायात पूरी तरह नियंत्रित रहेगा।

काशी विश्वनाथ धाम और गोदौलिया मार्ग

बुधवार सुबह वीआईपी मूवमेंट के दौरान: लकड़मंडी, मरीमाई, मलदहिया और पिशाचमोचन से आगे वाहन नहीं जा सकेंगे। लहुराबीर, मैदागिन, गोदौलिया और जंगमबाड़ी: इन क्षेत्रों में टेम्पो, बस और चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

अपील: यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और स्कूल या दफ्तर के लिए समय से पहले घर से निकलें।

Share this story