×

वाराणसी को जल्द मिलेगी रोप-वे की सौगात, निर्माण कार्य अंतिम चरण में

वाराणसी को जल्द मिलेगी रोप-वे की सौगात, निर्माण कार्य अंतिम चरण में
देश के पहले अर्बन ट्रांसपोर्ट रोप-वे से जाम से राहत, पर्यटन और शहरी परिवहन को मिलेगा नया आयाम

वाराणसी। काशी में देश के पहले अर्बन ट्रांसपोर्ट रोप-वे परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। गोदौलिया से रथयात्रा तक रोप-वे स्टेशन के बीच इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण स्थल से सामने आई तस्वीरों में कर्मचारी अंतिम चरण के कार्य में जुटे दिखाई दे रहे हैं। परियोजना पूरी होने के बाद शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रोप-वे सेवा शुरू होने के बाद गोदौलिया, रथयात्रा और आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले लंबे जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। वर्तमान में जिन मार्गों पर लोगों को घंटों तक ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है, वहां यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

करीब 3.5 किलोमीटर लंबी इस आधुनिक रोप-वे परियोजना का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित, तेज और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही यह परियोजना शहर में प्रदूषण और सड़क यातायात के दबाव को कम करने में भी सहायक साबित होगी।

रोप-वे के माध्यम से सफर करने वाले यात्रियों को काशी का विहंगम दृश्य देखने का अवसर मिलेगा। गंगा तट, मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की झलक आसमान से देखने का अनुभव पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की संभावना है।

प्रशासन का मानना है कि रोप-वे सेवा शुरू होने के बाद गोदौलिया-लंका सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा और वाराणसी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनेगी। परियोजना के शीघ्र संचालन के लिए अंतिम चरण के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

Share this story