×

वाराणसी में सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा नया रूप, 250 नई सिटी बसें चलाने की तैयारी

वाराणसी में सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा नया रूप, 250 नई सिटी बसें चलाने की तैयारी
 

वाराणसी। शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में सोमवार को हुई सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड बोर्ड की बैठक में वाराणसी में 250 नई सिटी बसें चलाने की योजना को मंजूरी दी गई।

बैठक में बताया गया कि 175 बसों के संचालन के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु नगर आयुक्त को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही स्मार्ट बस शेल्टर बनाने की योजना पर भी सहमति बनी। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने एक माह के भीतर स्मार्ट बस शेल्टर निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।

नई बसों के संचालन के लिए रूट निर्धारण की जिम्मेदारी एडीसीपी ट्रैफिक को सौंपी गई है। प्रशासन का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि सिटी बस सेवा में यूपीआई पेमेंट सिस्टम को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वर्तमान में हर महीने लगभग 14 हजार यात्री यूपीआई के माध्यम से किराया भुगतान कर रहे हैं और इससे करीब छह लाख रुपये की आमदनी हो रही है।

इसके अलावा मिर्जामुराद से बाबतपुर, मार्कंडेय महादेव और डीडीयू नगर तक संचालित सिटी बस सेवाओं का भी अनुमोदन किया गया। वहीं काशी दर्शन बस सेवा को आईआरसीटीसी से जोड़ने का निर्णय भी लिया गया, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बैठक में इलेक्ट्रिक बसों के लिए सारनाथ और परेड कोठी में चार्जिंग स्टेशन विकसित करने के संबंध में भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story