वाराणसी में वाहन चोर गिरफ्तार! चोरी की 4 मोटरसाइकिल बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाराणसी और भदोही समेत कई जनपदों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को 19 जुलाई 2026 को लहरतारा क्रॉसिंग के पास गिरफ्तार किया।
नगर निगम परिसर से चोरी हुई थी पहली बाइक
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को नगर निगम वाराणसी में कार्यरत एक कनिष्ठ लिपिक ने सिगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल को उनकी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP52 AK1286) नगर निगम मुख्यालय के बाहर से चोरी हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति बाइक ले जाता दिखाई दिया, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
चार चोरी की बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें सिगरा, भेलूपुर और लंका थाना क्षेत्रों से चोरी हुई बाइक शामिल हैं।
बरामद वाहन
सुपर स्प्लेंडर (UP52 AK1286) – सिगरा थाना, हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP65 FA0432) – भेलूपुर थाना , स्प्लेंडर प्लस (UP65 EE6184) – भेलूपुर थाना, स्प्लेंडर प्लस (UP62 BZ1052) – लंका थाना
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार वर्मा (30 वर्ष) निवासी ग्राम मझवा, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वाराणसी के सिगरा, भेलूपुर, लंका तथा भदोही के औराई थाने में वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
