×

वाराणसी में 2 करोड़ के आभूषण चोरी का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चार शातिर गिरफ्तार

varanasi news

एसओजी और शिवपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकदी, जेवरात, तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। एसओजी और शिवपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने "ऑपरेशन चक्रव्यूह" के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना इलाके में एक बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित परिवार तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। घटना की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।

 varanasi news

 

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित एसओजी और शिवपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गंगोत्री इंटरमीडिएट कॉलेज के पास मुर्दहा मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार, रोहित पाल, अमन सेठ और यश सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने तरना क्षेत्र के बंद मकान को निशाना बनाया था। चोरी की नकदी का एक हिस्सा आपस में बांटकर खर्च कर दिया गया था, जबकि आभूषणों को बेचने की तैयारी चल रही थी।

 

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 4 लाख 27 हजार 700 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद जेवरात में सोने की चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमके, टप्स, कड़े, लॉकेट और अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चारों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस सफलता पर पुलिस आयुक्त वाराणसी ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चोरी, लूट तथा नकबजनी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story