वाराणसी के SBI बैंक में चली गोली, महिला बैंककर्मी घायल, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में शुक्रवार दोपहर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने की घटना सामने आई। गोली लगने से बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी घायल हो गईं। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे की है। बताया जा रहा है कि बैंक में एक ग्राहक अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर पहुंचा था। बैंक के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने रिवॉल्वर को अपने पास रख लिया था। आरोप है कि हथियार को मुख्य द्वार के पास बने काउंटर की दराज में रखा गया था।
इसी दौरान बैंक में सेवा सारथी के पद पर संविदा पर कार्यरत अनुराधा त्रिपाठी ने दराज खोली। बताया जा रहा है कि रिवॉल्वर नीचे गिर गई और उससे अचानक गोली चल गई। गोली महिला कर्मचारी के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया।
बैंक प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
रिवॉल्वर के लाइसेंसधारक संजीव शुक्ला के मुताबिक, वह बैंक में पासबुक अपडेट कराने और YONO से संबंधित कार्य के लिए पहुंचे थे। रिवॉल्वर साथ होने का ध्यान आने पर उन्होंने उसे सुरक्षा गार्ड को रखने के लिए दिया था।
पुलिस के अनुसार, बैंक प्रबंधक मनोज कुमार की ओर से घटना के संबंध में तहरीर दी गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
