×

वाराणसी रिटायर्ड इंस्पेक्टर आरके सिंह ने खुद को मारी गोली, जानिए क्या है पूरा मामला?

वाराणसी रिटायर्ड इंस्पेक्टर आरके सिंह ने खुद को मारी गोली, जानिए क्या है पूरा मामला?

वाराणसी। वाराणसी के सुंदरपुर स्थित महामनापुरी कॉलोनी में आज तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने इलाके को स्तब्ध कर दिया। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर आरके सिंह की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है, जब आरके सिंह ने अपने निजी आवास पर लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से परिवार के लोग जागे और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरके सिंह पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे और मुंबई में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने उन्हें अंतिम अवस्था में घोषित कर दिया था और वे लगातार पेन किलर के सहारे जीवन व्यतीत कर रहे थे। लंबे समय से चल रही शारीरिक पीड़ा और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह दुखद कदम उठाया हो, ऐसी आशंका जताई जा रही है।

आरके सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा-बहू और दो बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आत्महत्या के कारणों की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय लोगों और जानने वालों में इस घटना से शोक की लहर है। पड़ोसियों के अनुसार, आरके सिंह शांत स्वभाव के थे और बीमारी के बावजूद वे सामान्य जीवन जीने की कोशिश कर रहे थे।

Share this story