वाराणसी में मानसून का रंग, तापमान में गिरावट के साथ बारिश का सिलसिला जारी
वाराणसी। पूर्वांचल में मानसून के सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में लगातार बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से जारी हल्की बारिश और पुरवा हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है, हालांकि दिन में धूप निकलने पर उमस का असर अब भी महसूस किया जा रहा है।
गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा बना रहा। कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। दिन चढ़ने के साथ वातावरण में नमी बढ़ने से उमस में भी इजाफा हुआ, लेकिन पूर्वी हवाओं की रफ्तार ने गर्मी के असर को काफी हद तक कम रखा।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के प्रभाव से पूर्वांचल में पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। स्थानीय स्तर पर तापमान बढ़ने (लोकल हीटिंग) के कारण बादलों के विकसित होने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने का अनुमान जताया है।
बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 66 प्रतिशत और अधिकतम 78 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी बढ़ने के साथ बादलों की सक्रियता लगातार बनी रहेगी। ऐसे में पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और बादलों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है।
