×

स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी को देश में तीसरा स्थान, नगर निगम में सम्मानित हुए सफाई मित्र

 बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में काशी ने हासिल की उपलब्धि, महापौर ने 10 सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

वाराणसी। स्वच्छता के क्षेत्र में वाराणसी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छता सर्वेक्षण की बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में काशी को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

नगर निगम के मीटिंग हॉल में आयोजित समारोह के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 10 सफाई कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में हासिल हुआ यह स्थान किसी एक व्यक्ति या विभाग की उपलब्धि नहीं है, बल्कि सफाई मित्रों, नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और काशीवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

महापौर ने कहा कि तीसरा स्थान मिलने के बाद नगर निगम का लक्ष्य आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी को देश में प्रथम स्थान दिलाना है। इसके लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। उन्होंने स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।

सम्मान समारोह के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी वर्ष की स्वच्छता कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसमें शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और नगरीय क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण को लेकर विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए। साथ ही स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार और जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास सहित पार्षद अशोक मौर्य, मदन मोहन तिवारी, बलिराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, सिंधु सोनकर, प्रमोद राय, सुरेश पटेल और मदन मोहन दुबे समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के बाद नगर निगम ने अब काशी को स्वच्छता के मामले में देश में पहले स्थान पर पहुंचाने की दिशा में प्रयास तेज करने का संकल्प लिया है।

Share this story