×

वाराणसी में रात में बरसे बादल, सुबह धूप ने छुड़ाया पसीना, उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

वाराणसी में रात में बरसे बादल, सुबह धूप ने छुड़ाया पसीना, उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
पूर्वांचल में मानसून की आहट, सप्ताहभर बादलों की आवाजाही के संकेत

वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार देर रात हुई हल्की बूंदाबांदी और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ चली तेज हवाओं के बाद बुधवार सुबह तेज धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। वातावरण में नमी बढ़ने के कारण धूप का असर अधिक महसूस किया गया और दिन चढ़ने के साथ लोगों का पसीना छूटता रहा।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल में इस सप्ताह मौसम का रुख उतार-चढ़ाव भरा बना रहेगा। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर गर्मी और नमी के प्रभाव से बादलों का निर्माण हो रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून पश्चिम बंगाल तक प्रभावी हो चुका है और अब धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पूर्वांचल में अगले सप्ताह तक मानसून के प्रवेश की संभावना जताई जा रही है।

बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 28 प्रतिशत और अधिकतम आर्द्रता 54 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि वातावरण में नमी बढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि होने पर बादलों की सक्रियता और बढ़ सकती है। विभाग ने पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही और मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। साथ ही मानसून के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की बात भी कही है।

Share this story