वाराणसी मंडल में चला विशेष टिकट जांच अभियान, 38 बिना टिकट यात्रियों से ₹23,170 का जुर्माना वसूला
वाराणसी मंडल में चला विशेष टिकट जांच अभियान, 38 बिना टिकट यात्रियों से ₹23,170 का जुर्माना वसूला
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने और रेल राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान 38 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे कुल ₹23,170 का जुर्माना वसूल कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
यह विशेष अभियान छपरा, सिवान, मशरख, छपरा कचहरी और दुरौंधा स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी–मशरख–दुरौंधा रेलखंड के स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलाया गया। अभियान के तहत गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी–थावे डेमू तथा 15708 अमृतसर–कटिहार आम्रपाली मेल एक्सप्रेस सहित विभिन्न सवारी एवं मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर एवं मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर के नेतृत्व में पांच टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दो जवानों की संयुक्त टीम ने अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया।
अभियान के दौरान संबंधित रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। रेलवे अधिकारियों ने इसे यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध यात्रा टिकट लेकर ही सफर करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।
