×

वाराणसी में चुनावी माहौल! '3 बार चाय वाले, 27 में गाय वाले' वाले होर्डिंग से सियासी चर्चा तेज

 वाराणसी में चुनावी माहौल! '3 बार चाय वाले, 27 में गाय वाले' वाले होर्डिंग से सियासी च वाराणसी में चुनावी माहौल! '3 बार चाय वाले, 27 में गाय वाले' वाले होर्डिंग से सियासी चर्चा तेजर्चा तेज

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच वाराणसी में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्माने लगा है। शहर के सुसवाही क्षेत्र में लगाए गए बड़े-बड़े राजनीतिक होर्डिंग्स लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। इन होर्डिंग्स पर लिखा गया संदेश-"3 बार चाय वाले, 27 में गाय वाले"-राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

होर्डिंग्स लगने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग इस संदेश के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाल रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन होर्डिंग्स को लेकर किसी राजनीतिक दल या संगठन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, शहर में इस तरह के राजनीतिक संदेशों और प्रचार सामग्री की संख्या बढ़ने की संभावना है। वाराणसी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र भी है, हमेशा से राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है।

 

इन पोस्टरों को भाजपा कार्यकर्ता दीपक सिंह राजवीर की ओर से जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत का पोस्टर नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के संकल्प का प्रतीक है।

दीपक सिंह राजवीर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और विकास की नई दिशा तय हुई है। इसी कारण भाजपा कार्यकर्ता वर्ष 2027 में भी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे।

उन्होंने कहा कि "गौ, गंगा और गायत्री" की संस्कृति को आगे बढ़ाने वाले योगी आदित्यनाथ का काशी आगमन प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएगा और आगामी चुनाव में फिर से प्रचंड बहुमत का लक्ष्य हासिल करेगा।

दीपक सिंह राजवीर ने पोस्टर जारी करने के साथ एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का समर्थन जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे और संगठन को और मजबूत करेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के दिनों में भाजपा संगठन की बैठकों और नेतृत्व स्तर पर मिले संकेतों के बीच वाराणसी में लगाए गए ऐसे पोस्टर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल बनने का संकेत दे रहे हैं। हालांकि, चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Share this story