खाकी ने फिर दोहराया सेवा का संकल्प, वाराणसी में मनाया गया पुलिस झंडा दिवस
वाराणसी। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस मौके पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को बल की गौरवशाली परंपराओं का सम्मान करते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस ध्वज के इतिहास से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान में पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान हासिल करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि बल के साहस, शौर्य, त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान है। इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करें। जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील व्यवहार रखने तथा हर परिस्थिति में सेवा भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज की प्रतिष्ठा बनाए रखने, विभाग की गौरवशाली परंपराओं का पालन करने और समर्पित भाव से जनसेवा करने का संकल्प लिया।
