×

अस्पताल परिसर के बाहर पुलिस से भिड़ा युवक, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

वाराणसी के कबीरचौरा अस्पताल के बाहर युवक द्वारा पुलिसकर्मियों से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया। परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और नशा मुक्ति केंद्र से भाग निकला था।

वाराणसी। वाराणसी के कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल के बाहर एक युवक द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। हालांकि जांच में सामने आया है कि संबंधित युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार देर रात की है। वायरल वीडियो में एक युवक पुलिस वाहन के पास पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक पहले पुलिस वाहन चालक के साथ हाथापाई करता है और बाद में वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने का प्रयास करता नजर आता है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। युवक को हिरासत में लेने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया। पूछताछ के दौरान युवक की पहचान पियरी निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुकेश काफी समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और उसका उपचार चल रहा है। परिवार के अनुसार उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह वहां से ताला तोड़कर निकल गया था। इसके बाद वह भटकते हुए कबीरचौरा अस्पताल क्षेत्र में पहुंच गया।

कोतवाली पुलिस ने युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और युवक की मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिसकर्मियों के साथ हुई इस अप्रत्याशित घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Share this story