×

वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फिल्म प्रोड्यूसर बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फिल्म प्रोड्यूसर बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी। भोजपुरी फिल्म निर्माण के नाम पर 78 लाख 20 हजार रुपये की कथित ठगी कर चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को वाराणसी पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। चोलापुर और सारनाथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

थाना सारनाथ के प्रभारी निरीक्षक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसवंत, जनपद बस्ती के थाना गौर क्षेत्र के ईटवहरा गांव का निवासी है। वर्तमान में वह मुंबई के अंधेरी स्थित पटेलवाड़ी, प्रजापति कंपाउंड, विरदेसाई क्षेत्र में रह रहा था और स्वयं को फिल्म प्रोड्यूसर बताता था।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2017 में जसवंत ने चौबेपुर क्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी वीरेंद्र कुमार यादव, जो शिव फिल्म एंड टीवी हाउस के प्रोपराइटर हैं, से भोजपुरी फिल्म निर्माण के लिए निवेश करने का प्रस्ताव रखा। दोनों के बीच हुए समझौते के तहत निवेश की रकम वापस करने के साथ फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिया गया। इस पर वीरेंद्र कुमार यादव ने आरोपी को कुल 78 लाख 20 हजार रुपये निवेश के रूप में दिए।

काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो फिल्म का निर्माण हुआ और न ही निवेश की राशि वापस की गई। इसके बाद वीरेंद्र कुमार यादव के भाई सुरेंद्र यादव ने थाना सारनाथ में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन मुंबई में मिलने पर थाना चोलापुर के उपनिरीक्षक अवनीश मिश्र, सारनाथ थाना के हेड कांस्टेबल शिवशंकर राय एवं अरविंद यादव की संयुक्त टीम ने मुंबई पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाया गया। यहां न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी से लंबे समय से लंबित इस मामले में जांच को गति मिलने के साथ पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने की उम्मीद भी बढ़ी है।

Share this story