×

वाराणसी में PCS अधिकारियों के तबादले, VDA सचिव और ADM प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी बदली

वाराणसी में PCS अधिकारियों के तबादले, VDA सचिव और ADM प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी बदली

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव का असर वाराणसी मंडल और जिले के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी पड़ा है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के सचिव से लेकर अपर आयुक्त और अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) तक के पदों पर नई तैनाती की गई है।

जारी तबादला सूची के अनुसार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव रहे विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण का नया सचिव बनाया गया है। वहीं, इस पद पर तैनात वेद प्रकाश मिश्रा को हापुड़ का अपर जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

वाराणसी मंडल में भी तीन अपर आयुक्तों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। अमेठी में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात ज्योति सिंह को स्थानांतरित कर वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त सुनंदू सुधाकरन को बस्ती का अपर जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में अपर आयुक्त आलोक कुमार वर्मा को अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिले में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) के पद पर भी नई तैनाती हुई है। सहारनपुर में नगर मजिस्ट्रेट रहे कुलदीप सिंह को वाराणसी का नया अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) बनाया गया है। वहीं, इस पद पर कार्यरत विनय कुमार सिंह-2 को मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है।

इन तबादलों के बाद वाराणसी के विकास प्राधिकरण और मंडलीय प्रशासन के कई प्रमुख पदों पर नए अधिकारी कार्यभार संभालेंगे। 

Share this story