×

इंस्टाग्राम पर चल रहा था ऑनलाइन जुए का नेटवर्क, वाराणसी में तीन गिरफ्तार, 50 लाख से अधिक के लेनदेन का खुलासा

इंस्टाग्राम पर चल रहा था ऑनलाइन जुए का नेटवर्क, वाराणसी में तीन गिरफ्तार, 50 लाख से अधिक के लेनदेन का खुलासा

वाराणसी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए ऑनलाइन जुआ संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस की प्रतिबिंब टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए अकथा क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

मौके से कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में संदिग्ध बैंक खातों के जरिए 50 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।

 

पुलिस के मुताबिक, प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से साइबर फ्रॉड से जुड़े 19 संदिग्ध बैंक खातों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान इन खातों से ऑनलाइन जुए के नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली।

 

इसके बाद साइबर पुलिस की टीम ने अकथा क्षेत्र के शिव विहार कॉलोनी में सागर सेठ के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सागर सेठ के साथ मंगल कुमार और सुदीप कश्यप को गिरफ्तार किया गया।

कई राज्यों के युवा जुड़ रहे थे ऑनलाइन जुए से

जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए तमिलनाडु, केरल, दिल्ली और गुजरात समेत कई राज्यों के युवा ऑनलाइन जुए से जुड़ते थे। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से नेटवर्क से संबंधित जानकारियां मिलने की उम्मीद है। बरामद मोबाइल और बैंक खातों के लेनदेन की जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।

50 लाख से अधिक के ट्रांजेक्शन की जानकारी

प्रारंभिक जांच में कई बैंक खातों के माध्यम से 50 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन की जानकारी मिली है। पुलिस अब इन खातों में आए और भेजे गए धन की पड़ताल कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि ऑनलाइन जुए से जुटाई गई रकम किन खातों में भेजी जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसीपी अपूर्व पांडेय ने तीन लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने साइबर पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि मामले में अभी जांच जारी है।

बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क की गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Share this story