छठ महापर्व के अवसर पर वाराणसी में छुट्टी, प्रशासन ने जारी की अधिसूचना
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर वाराणसी जिला प्रशासन ने 16 नवंबर (सोमवार) को स्थानीय अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इस निर्णय के बाद सोमवार को जिले के राजस्व विभाग और उससे संबंधित सरकारी कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, घोषित स्थानीय अवकाश मुख्य रूप से राजस्व विभाग (माल विभाग) और उससे जुड़े सरकारी कार्यालयों पर लागू होगा। आदेश के तहत संबंधित विभागों के कर्मचारियों को सोमवार को अवकाश मिलेगा। छठ पूजा के मद्देनजर प्रशासन के इस निर्णय से सरकारी कर्मचारियों को पर्व मनाने में सहूलियत मिलेगी।
गौरतलब है कि छठ पूजा पूर्वांचल और बिहार के प्रमुख लोकपर्वों में शामिल है। वाराणसी में भी इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहता है। गंगा के विभिन्न घाटों के साथ ही शहर के तालाबों और जलाशयों पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। इस दौरान व्रती महिलाएं कठिन निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करती हैं। सोमवार को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।
स्थानीय अवकाश की घोषणा से राजस्व विभाग के कर्मचारियों को पर्व के आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
