×

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट, नकल माफियाओं पर रहेगी पैनी नजर

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट, नकल माफियाओं पर रहेगी पैनी नजर
8, 9 और 10 जून को आयोजित होगी आरक्षी भर्ती परीक्षा, सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए व्यापक इंतजाम

वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) के साथ-साथ केंद्रों के भीतर और आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर नामित प्रभारी अधिकारियों को छोड़कर किसी भी व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल वैध प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और निर्धारित पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, कैलकुलेटर, वॉलेट, आभूषण तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।

महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निर्धारित इनक्लोजर में कराई जाएगी। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों का ई-केवाईसी और पहचान पत्र सत्यापन अनिवार्य किया गया है।

पुलिस आयुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी बनाए रखने, अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा नकल माफियाओं और संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नकल अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story