×

बकरीद से पहले वाराणसी में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च

बकरीद से पहले वाराणसी में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च
बेनियाबाग से सोनारपुरा तक पैदल गश्त, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी; अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

वाराणसी। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीना ने भारी पुलिस बल के साथ बेनियाबाग, नई सड़क, रमापुरा, गोदौलिया और सोनारपुरा क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की।

फ्लैग मार्च के दौरान संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बकरीद के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी और सभी आयोजन पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार ही संपन्न कराए जाएंगे। सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं होटल, लॉज, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थलों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पर्व को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें।

Share this story