×

Varanasi News: मिट्टी से नंबर प्लेट छिपाकर करता था लूट! पुलिस के जाल में फंसा शातिर चैन स्नैचर

Varanasi News: मिट्टी से नंबर प्लेट छिपाकर करता था लूट! पुलिस के जाल में फंसा शातिर चैन स्नैचर

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर चैन स्नैचर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई एडीसीपी वरुणा ज़ोन लिपि नगायच और एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के दिशा-निर्देशन में की गई। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसका परिणाम इस बड़ी गिरफ्तारी के रूप में सामने आया।

सारनाथ पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी, तभी मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हृदयपुर रिंग रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी बबलू जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उस समय लूटी गई चेन को बेचने की फिराक में था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पुलिस से बचने के लिए अपनी बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी पोत देता था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। इसी तरीके से उसने 3 मई 2026 को हिरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिला से सोने की चेन छीनी थी।

पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10.320 ग्राम सोने की चेन (अनुमानित कीमत ₹1.40 लाख) और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी के कई थानों और मऊ जनपद में लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक शिवनारायण सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share this story