Varanasi News: दालमंडी चौड़ीकरण के बीच दर्दनाक हादसा, बंदर की वजह से गिरी ईंट, दुकानदार की मौत
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य के बीच सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में स्थानीय दुकानदार की मौत हो गई। मरियम अस्पताल गली के नुक्कड़ स्थित जंजीरा शाह मस्जिद के पास निर्माणाधीन भवन से बंदर की हलचल के कारण एक ईंट नीचे गिर गई, जो वहां से गुजर रहे दुकानदार के सिर पर जा लगी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान दालमंडी क्षेत्र में बैग की दुकान संचालित करने वाले चुन्नू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना अचानक हुई और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। ईंट सिर पर लगते ही चुन्नू सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास उन्हें बचाने में सफल नहीं हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण और ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान कई भवनों को हटाया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने निर्माण क्षेत्र के आसपास आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है, लेकिन कई बार लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में चले जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने निर्माण स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ध्वस्तीकरण और निर्माण कार्य वाले प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा सुरक्षा बैरिकेडिंग और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को भी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
