×

Varanasi News: आशापुर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते तीन दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

Varanasi News: आशापुर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते तीन दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

वाराणसी। आशापुर फ्लाईओवर के दाहिने हिस्से में स्थित रैम्प पर लीकेज की मरम्मत के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की गई है। यह व्यवस्था 30 मई 2026 की रात्रि 11 बजे से 1 जून 2026 की प्रातः 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। मरम्मत कार्य के दौरान संबंधित मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा

यातायात पुलिस के अनुसार गाजीपुर एवं संदहा की ओर से आने वाले वे वाहन, जिन्हें पहड़िया मंडी अथवा शहर की ओर जाना है, उन्हें संदहा से सेंट जॉन्स तिराहा, तिलमापुर, चंद्रा चौराहा एवं अशोका तिराहा होते हुए पहड़िया मंडी की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार शहर से बाहर जाने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा।

वहीं आजमगढ़ एवं हरहुआ की दिशा से आने वाले वाहन, जिन्हें पहड़िया मंडी, सारनाथ या आशापुर क्षेत्र में जाना है, वे आजमगढ़ अंडरपास से बावनबीघा, पुरानी पुलिस चौकी लालपुर कट, भक्ति नगर कॉलोनी एवं काली माता मंदिर तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

शहर से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए पहड़िया मंडी से अशोका तिराहा, आरटीओ कट तिराहा, हवेलिया चौराहा एवं रिंग रोड के रास्ते आवागमन की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान संभावित असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

Share this story