×

Varanasi News: दालमंडी में गरजा बुलडोजर, 17 इमारतें जमींदोज, ड्रोन से रखी गई नजर

Varanasi News: दालमंडी में गरजा बुलडोजर, 17 इमारतें जमींदोज, ड्रोन से रखी गई नजर
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 भवनों पर बुलडोजर चलाया। सुबह से शुरू हुआ ध्वस्तीकरण अभियान देर शाम तक जारी रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, वहीं पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।

प्रशासन की ओर से मुसाफिरखाना परिसर में भी तोड़फोड़ का कार्य जारी रहा। करीब 30 मजदूरों और जेसीबी मशीनों की मदद से पुराने ढांचों और दीवारों को गिराया गया। साथ ही मलबा हटाने का काम भी तेज़ी से किया गया, ताकि सड़क चौड़ीकरण परियोजना तय समय में पूरी हो सके।

कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और ध्वस्तीकरण कार्य देखते रहे।

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि रोजाना करीब सात घंटे तक अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन चरणबद्ध तरीके से सभी चिह्नित भवनों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ी होने से दालमंडी क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और आवागमन आसान बनेगा।

वहीं एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि अभी 10 और भवन चिह्नित किए गए हैं, जिनमें एक मदरसा भी शामिल है। आने वाले दिनों में वहां भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story