×

Varanasi news: तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, दो की मौत, कई गंभीर घायल

Varanasi news: तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, दो की मौत, कई गंभीर घायल

वाराणसी। वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में रविवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा पुराने पुल के पास हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन सरैया की ओर से आजमगढ़ जा रहा था। जैसे ही वाहन पुराने पुल के समीप पहुंचा, उसने सामने से आ रहे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री दूर जा गिरे।

हादसे में 22 वर्षीय निहाल अहमद, जो पुराने पुल क्षेत्र का निवासी था, की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। वहीं करीब 65 वर्षीय श्याम दुलारी देवी, जो पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर जीवनयापन करती थीं, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू, निवासी छपरा, को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ से आजमगढ़ जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

रिपोर्ट - साजन अग्रहरि

Share this story